Last Updated: 4th June,2026  


भा. कृ. अनु. प. - के. द्वी. कृ. अनु. सं., श्री विजयपुरम में राजभाषा कार्य एवं सहायक कार्यालयीन कार्य हेतु उपयोगी ई-टूल्स विषयक प्रशिक्षण आयोजित


भा. कृ. अनु. प. - के. द्वी. कृ. अनु. सं., श्री विजयपुरम में “राजभाषा कार्य एवं सहायक कार्यालयीन कार्य हेतु उपयोगी ई- टूल्स" विषय पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग तथा कार्यालयीन कार्यों में उपयोगी डिजिटल साधनों की जानकारी प्रदान करना था।


कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी हिंदी प्रकोष्ठ श्रीमती रीना साहा के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग तथा कार्यालयीन कार्यों में आधुनिक तकनीकी साधनों के महत्व पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं राजभाषा विशेषज्ञ श्री अजय सिंह ने राजभाषा अधिनियम, 1963, राजभाषा नियम, 1976 तथा राजभाषा संबंधी विभिन्न धाराओं एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राजभाषा कार्यान्वयन में आने वाली समस्याओं तथा उनके व्यावहारिक समाधानों पर चर्चा की। अपने व्याख्यान में उन्होंने राजभाषा कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न राजभाषा ई-टूल्स, टूल्स भारती तथा भारतीय भाषा प्रौद्योगिकी मंच ‘भाषिणी’ के उपयोग के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिभागियों को इन डिजिटल साधनों के माध्यम से हिंदी में कार्यालयीन कार्यों को अधिक सरल, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से करने के लिए प्रेरित किया।


अपने अध्यक्षीय संबोधन में संस्थान के निदेशक डॉ. जयसुंदर ने वक्ता श्री अजय सिंह को विषय पर अत्यंत व्यापक एवं विस्तृत जानकारी प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया, निदेशक ने राजभाषा के प्रोत्साहन हेतु तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने वैज्ञानिक जानकारी को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए संस्थान के वैज्ञानिक प्रकाशनों एवं तकनीकी साहित्य को हिंदी सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं में प्रकाशित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बहुभाषीय प्रकाशन से अनुसंधान के परिणाम किसानों, हितधारकों तथा आम जनता तक उनकी मातृभाषा में अधिक प्रभावी ढंग से पहुँच सकेंगे।


कार्यक्रम का संचालन श्री एलेक्स प्रवीण बरला, वरिष्ठ तकनीकी सहायक द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न प्रभागों के अधिकारियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी अधिकारियों तथा कर्मचारियों सहित कुल 59 प्रतिभागियों ने भाग लिया।


अंत में श्री ब्रजेश कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

Top
 Facebook
 Twitter
 Youtube
 Contact Us
 Events